
Deoghar: देवघर नगर थाना पुलिस ने यहां के कुख्यात धपरा गिरोह के दो सदस्यों को रविवार की सुबह हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि जिलें के जसीडीह थाना क्षेत्र के अंधरीगादर गांव निवासी हुलास दास राजमिस्त्री का काम करता था। उसे काम करने के लिए कुंडा थाना क्षेत्र के बलियाचौकी के पास जाना था। वह बस स्टैंड पर उतरा।

उसके बाद वह बलियाचौकी जाने के लिए आटो पकड़ने के लिए जा रहा था। इस दौरान दो युवक उसके पास आए और जबरन उसे पकड़कर उसके जेब से 70 रुपया निकाल लिया और भागने लगे। इसी बीच नगर थाना की गश्ती दल मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम को देखकर मजदूर ने शोर मचाया। उसके बाद पुलिस ने पीछा कर भाग रहे दोनों युवकों को पकड़ा। पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम साहिल धपरा और निरज मल्ल्कि है दोनों क्लब ग्राउंड का रहने वाला है।

बताते चलें कि शहर में धपरा गिरोह का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन गिरोह के सदस्य चोरी, छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पिछले दिनों उनके समाज के कुछ लोगों द्वारा सामाजिक स्तर पर उनका विरोध भी किया गया। उसके बाद लगा कि इस गिरोह पर कुछ हद तक अंकुश लग जाएगा। लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। जानकारी हो कि इस गिरोह के कई सदस्य पहले भी गिरफ्तार होकर जेल भी जा चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद भी कोई सुधार नहीं हो रहा है। बेल पर जेल से बाहर आने के बाद ये लोग फिर से इसी धंधे में लग जाते हैं।
सूत्रों के मुताबिक इसी तरह की घटना को अंजाम देने वालों में से कई बाहर से आकर यहां बसे हैं। ये लोग नगर निगम में काम करने की आड़ में चोरी, छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनमें से अधिकांश युवक नशे के शिकार हैं। नशे की इस लत को पूरा करने के लिए ये लोग इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। प्रशासन चाहकर भी इन बदमाशों पर लगाम नहीं लगा पाई है।


