
Deoghar: अनियंत्रित बाइक के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक 43 वर्षीय महंगु कुमार दास पत्थरहड्डा ओपी क्षेत्र के रांगामटिया गांव का रहने वाला था।

घटना के संबंध में मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल से सब्जी लाने सिमरा मोड़ की ओर गया था। जाने के क्रम में सिमरा मोड़ स्थित मुख्य मार्ग पर विपरित दिशा से आ रही अज्ञात वाहन के चालक ने उसे चकमा दे दिया। जिस वजह से उसने बाइक पर अपना नियंत्रण खो दिया। बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सारठ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां उसका प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। वहीं मामले को लेकर बैद्यनाथधाम ओपी की पुलिस ने दर्ज किए गए फर्द बयान को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को भेज दिया है।



