
Deoghar: विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को संथाल परगना दौरे पर आ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में पीएम मोदी जनसभा को सम्बोधित करेंगे। जिसको लेकर तैयारी तेज हो गयी है।

पीएम मोदी के आगमन को लेकर शनिवार को बीजेपी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। गोड्डा और देवघर में लक्ष्मीकांत वाजपेई और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के नेतृत्व में बैठक का आयोजन किया गया।

देवघर में आयोजित प्रेस वार्ता में बीजेपी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई ने दावा किया कि इस बार झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद समीकरण बनने का सवाल है तो उनके आने की सूचना मात्र से ही समीकरण और परिवर्तन होने शुरू हो गए हैं। लक्ष्मीकांत ने कहा कि जब संथाल में पीएम मोदी जनसभा करेंगे तो निश्चित तौर पर इस बार संथाल परगना से गुणात्मक परिवर्तन भाजपा की सीटों पर आएगा।
गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को संथाल परगना दौरे पर आ रहे हैं। पहली जनसभा मधुपुर अनुमंडल में है। जो सारठ और मधुपुर विधानसभा का क्षेत्र है और दूसरी जनसभा गोड्डा में होगी। जो पौडेयाहट और गोड्डा विधानसभा का क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि पीएम गोड्डा पहली बार आ रहे हैं।
पीएम मोदी के संथाल परगना दौरे को लेकर स्थान का चयन, तमाम व्यवस्था और ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्त्ता और लोग जनसभा में कैसे पहुंचे इसको लेकर तैयारी की जा रही है।
सांसद निशिकांत ने बताया कि संथाल की 18 सीटों पर बीजेपी की जीत दर्ज हो इसको लेकर झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी के नेतृत्व में गोड्डा और देवघर में बैठक का आयोजन किया गया।


