Deoghar News : शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने अपने कार्यालय स्थित सभा कक्ष में प्रेस वार्ता कर कुण्डा थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरियासा मैदान के आसपास कुछ अपराधकर्मी अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के इरादे से बैठे हैं।

एसपी के अनुसार, सूचना के आधार पर हथियार की बरामदगी एवं अपराधकर्मियों के विरुद्ध छापामारी के आदेश दिए गए। इसके बाद छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने कोरियासा मैदान के आसपास छापामारी करते हुए एक छिपे हुए स्थान की घेराबंदी की।

इस दौरान भाग रहे एक अपराधी को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए अपराधकर्मी की तलाशी लेने पर उसके बदन के बाईं तरफ गंजी के अंदर छिपाकर रखा गया एक थैला बरामद हुआ। थैले को खोलने पर उसमें से काला रंग का एक कार्बाइन मशीन गन (सीएमजी), दो मैगजीन और आई टेल कंपनी का एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।
गिरफ्तार अपराधकर्मी की पहचान सूरज कुमार सिंह (28), पिता भरत सिंह, निवासी रोहिणी परमेश्वर चौक, थाना जसीडीह, जिला देवघर के रूप में हुई है।
पहले भी जा चुका है जेल
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार सूरज कुमार सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में देवीपुर थाना कांड संख्या 137/19, धारा 392 भादवि के लूट के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा उत्पाद थाना बांका से शराब के अवैध परिवहन के मामले में भी उसके जेल जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
बरामद सामग्री
- कार्बाइन मशीन गन (सीएमजी) – 01
- कार्बाइन मशीन गन (सीएमजी) की मैगजीन – 02
- आई टेल कंपनी का कीपैड मोबाइल – 01
छापामारी दल में ये रहे शामिल
एसपी के निर्देश पर गठित छापामारी दल में कुलदीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर देवघर, पुनि दीपक कुमार, पुनि सह थाना प्रभारी जसीडीह थाना, पुअनि प्रशांत कुमार, थाना प्रभारी कुण्डा, सअनि शिवयतन मुर्मू, आरक्षी रियाजुल हक (तकनीकी शाखा), आरक्षी चंदन कुमार साहा, आरक्षी प्रवीण कुमार, चौकीदार अनिल मंडल एवं सच्चिदानंद मंडल शामिल थे।



