
Deoghar: कुछ दिन पहले ही गोड्डा के भाजपा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर लिखा था कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव में पैसे का खेल शुरू किया है। पैसे के बल पर संताल परगना में भाजपा के लोगों को निर्दलीय खड़ा कर रहे हैं। भाजपा के लोग निर्दलीय खड़े हों उसका रेट अलग और भीतरघात करें उसका रेट अलग तय किया है।

शुक्रवार को जब सांसद निशिकांत दुबे देवघर पहुंचे तो एयरपोर्ट पर इसी आरोप से जुड़े मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए सांसद डॉ. दुबे ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कई कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पैसों के आधार पर इंडिया गठबंधन को समर्थन दिया था। उन्होंने कहा कि मैंने ऐसे नेताओं और जनप्रतिनिधियों से पूछा था कि जिन लोगों ने लोकसभा चुनाव में भीतरघात किया, क्या उन्हें झामुमो ने विधायक का टिकट दिया या भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ कहीं भी कमजोर उम्मीदवार दिया ? और अगर नहीं दिया तो ये आपके मुंह पर तमाचा है और भविष्य के लिए सिख है। उन्होंने कहा कि आखिर व्यक्ति विरोध में विचारधारा का विरोध करना लोकसभा चुनाव में कहां तक उचित था।

सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विरोध करने से आखिर क्या फायदा हुआ, इसलिए विधानसभा चुनाव में सबक लेकर भाजपा के लोगों को भाजपा की सरकार बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करना चाहिए।
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मां है और पार्टी के प्रति गद्दारी आपको गद्दार बनाती है। जो आपको न घर का रहने देती है न घाट का।


