
Ranchi : झारखंड से बड़ी खबर है। बीजेपी की पूर्व विधायक लुईस मरांडी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) में शामिल हो गईं हैं।

पूर्व मंत्री और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ लुईस मरांडी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

लुईस मरांडी ने इस संबंध में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को चिट्ठी लिख कर औपचारिक जानकारी दे दी है। इसमें उन्होंने भाजपा से अपना सियासी सफर शुरू करने और 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्हें मौका देने तथा मंत्री बनाने के लिए आभार जताया है। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में आंतरिक अनुशासन कमजोर हुआ है। निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है।
झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल हुई सीता सोरेन को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उन पर जानबूझ कर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्हें अपेक्षा थी कि पार्टी के लीडर इस पर पहल करेंगे पर ऐसा हुआ नहीं। लुईस के मुताबिक उन्हें 2024 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से तैयारी करने को कहा गया था पर उनकी उपेक्षा हुई। ऐसे में अब वे भारी मन से पार्टी से इस्तीफा दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि JMM झारखंड की जामा विधानसभा सीट से लुईस मरांडी को टिकट दे सकती है। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में लुईस मरांडी ने जेएमएम नेता और राज्य के मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हराया था।
इधर, रघुवर दास सरकार में मंत्री रहे सत्यानंद झा बाटुल ने भी भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने नाला विधानसभा सीट से माधव लाल को टिकट देने पर रोष जताया है। कहा है कि उन्हें किसी को टिकट दिए जाने से आपत्ति नहीं थी पर माधव लाल जैसे दलबदलु लीडर को टिकट देना ठीक नहीं।


