
Deoghar: शुक्रवार को देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के केनमनकाठी गांव के सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से एक युवक का शव बरामद किया गया। युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर कर दी गई है। मृतक की पहचान उसके पॉकेट में मिले आधार कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस की मदद से की गई।

मृतक की पहचान बिहार के बांका जिला के चांदन थाना क्षेत्र के कसई गांव निवासी विरेन्द्र यादव के रूप में की गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि आसपास के लोग मवेशी चराने के लिए गए थे। उसी दौरान एक चरवाहा ने पानी में तैरते हुआ शव को देखा । जहां शव तैर रहा था वहां पाइप लाइन के काम के लिए गड्ढा किया गया था जिसमें पानी भरा था। पहले इसकी जानकारी स्थानीय मुखिया को दी गई। मुखिया ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही जसीडीह थाना प्रभारी पुनि रवि ठाकुर, एसआइ राजेश झा सदलबल मौके पर पहुंचकर छानबीन की।

शव की पहचान करने के बाद उसके परिजनों को जानकारी दी गई। सूचना मिलते हो परिवार के सदस्य देवघर पहुंचे। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया ।
शव को देखने से ऐसा प्रतित होता है कि उसकी हत्या करीब एक दिन पूर्व की गई है। क्योंकि शव से दुर्गंध आ रहा था। छानबीन के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक आपराधिक चरित्र का व्यक्ति था। उसके खिलाफ देवघर नगर थाना में बम धमाका व हत्या करने का आरोप है। वहीं उसके खिलाफ चांदन थाना में भी छेड़छाड़ का आरोप है। वहीं बिहार के जमुई जिला के सिमुलतल्ला थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ पहले से मामला दर्ज है। आशंका है कि किसी दुश्मनी के कारण उसकी हत्या कर यहां उसके शव को फेंक दिया गया।
घटना के संबंध में मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।


