
Deoghar: साइबर ठगी में संलिप्त पांच ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार होने वालों में देवीपुर थाना क्षेत्र के सुंडिया बांधडीह निवासी सुभाष दास, पाथरोल थाना क्षेत्र के लखीपुर निवासी राजेश कुमार दास व विष्णु कुमार दास, मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के महजोरी गांव निवासी करण कुमार मंडल व करौं थाना क्षेत्र के डुमरथर गांव निवासी विकास कुमार दास शामिल है।

इस साइबर ठगों के पास से नौ विभिन्न कंपनी का मोबाइल फोन व 10 सिम कार्ड बरामद किया गया है। एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग को करौं थाना क्षेत्र के डिंडाकोली के फुटबाल स्टेडियम के समीप पांच साइबर ठगों द्वारा साइबर ठगी की योजना बनाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी।

सूचना के आधार पर गठित छापेमारी दल में शामिल इंस्पेक्टर छठुराम गोंड, पाथरोल थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलुंग, करौं थाना प्रभारी अमर कुमार व एसआइ नागेंद्र प्रसाद सिंह की टीम ने सारठ थाना क्षेत्र के जमुआ जंगल के समीप से पांचों साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सभी को पूछताछ के लिए साइबर थाना लाया गया। यहां पूछताछ के क्रम में सभी ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया।
पुलिस को साइबर ठगों ने बताया कि लोगों को कभी फर्जी बैंक अधिकारी तो कभी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर झांसे को ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस बरामद मोबाइल फोन को खंगालने में जुट गई है। उम्मीद जताई जा रही है इससे साइबर ठगी से संबंधित कई अहम जानकारी प्राप्त होगी।


