
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के देवघर-जसीडीह मुख्य मार्ग पर साधना भवन के पास रविवार को एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। उसपर सवार बाबा मंदिर वीआईपी गेट निवासी सरोज कुमार झा गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं इस घटना में ऑटो में सवार अन्य लोगों को मामूली चोट आई।

सरोज झा ने बताया कि वह अपने बेटे को जेपीएससी सीजीएल परीक्षा को लेकर सतसंग कॉलेज सेंटर में पहुंचाने गये थे। वहां से वापस ऑटो से लौट रहे थे उसी दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। दूसरी घटना शनिवार की देर रात की है बेलाबगान रेमंड शोरूम के पास एक बाइक सवार को पीछे से एक वाहन ने जोर दार धक्का मार दिया।

इस घटना में राजाबगीचा निवासी कुंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरी घटना थाना क्षेत्र के झोंसागढ़ी के पास की है। जहां दो बाइक के बीच टक्कर हो गयी। इस घटना में सिमरगढ़ा निवासी राजन अग्रवाल और अभय झा गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों घायल की स्थिति गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


