
Deoghar: जिले के कुंडा थाना में एक किशोरी के साथ छेड़खानी करने का मामला दर्ज किया गया। किशोरी के पिता के बयान पर दर्ज मामले में वार्ड नंबर-27 के निवासी बाल कृष्ण पाण्डेय, पूनम देवी व शिवम पाण्डेय को आरोपित बनाया गया है।

दर्ज मामले में किशोरी के पिता का कहना है कि उनकी पुत्री नवीं कक्षा की छात्रा है। स्कूल आने-जाने के क्रम में आरोपित बाल कृष्ण उसके साथ अश्लील हरकत करता था। मोबाइल पर उसका फोटो भी खिंच लिया था। मामले की जानकारी होने पर आरोपित के अभिभावकों को जानकारी दी गई। इस दौरान कुछ दिनों तक आरोपित शांत रहा। लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। 23 जुलाई को आरोपित ने किशोरी के साथ अश्लील हरकत किया। शिकायत करने पर आरोपितों द्वारा बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।

24 जुलाई को किशोरी अपने घर में पढ़ रही थी। उसी दौरान तीनों आरोपित किशोरी को पकड़कर अपने घर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। किसी तरह किशोरी को आरोपितों के चंगुल से बचाया गया। आरोपित धमकी देते हुए वहां से चले गए। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने सुलह समझौता कराने का प्रयास किया गया लेकिन प्रयास विफल रहा।
बाद में थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


