
Deoghar: अधिकारियों के नाम पर रुपयों की ऑनलाइन ठगी तो खूब सुनी होगी लेकिन मिठाई की ठगी शायद ही सुना होगा। ऐसा हुआ है देवघर नगर थाना क्षेत्र के हदहदिया पुल स्थित एक मिठाई दुकानदार के साथ। जहां एक अनजान शख्स ने डीसी का पीए बनकर दुकान से एक दो हजार के नहीं बल्कि पूरे 6500 रुपए की मिठाई ठग लिए और फरार हो गया।

मामले को लेकर दुकान मालिक संजय कुमार गुप्ता ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। संजय ने बताया कि सात सितंबर को एक अनजान व्यक्ति ने खुद को डीसी देवघर का पीए बताते हुए कहा कि डीसी साहब के यहां कार्यक्रम है जिसके लिए उसके दुकान पर खाद्य सामग्री का ऑर्डर दिया। जिसका बिल एक लाख एक हजार 500 रुपए था। बिल लेकर पैसे लेने के लिए उसने डीसी आवास संजय को शाम में बुलाया। जब छह बजे उसे दुकानदार ने कॉल किया तो उसने कहा डीसी साहब अभी अभी बाहर निकले हैं सुबह हम खुद आपके दुकान पर आकर पूरे पैसे और ऑर्डर कन्फर्म कर देंगे। 9 सितंबर की सुबह वो शख्स खुद दुकान आया, सारा ऑर्डर लिखवाकर और डीसी साहब का नंबर बताते हुए एक वाट्सअप नंबर देकर ये कहते हुए चला गया कि फोन पे का स्कैनर और बिल इस नंबर पर भेज देना। साथ ही उसने 6500 रुपए की खाद्य सामग्री खरीदी और कहा कि डीसी साहब ऑनलाइन आपको इसके पैसे भेज देंगे।

उसके बाद न तो कोई ऑर्डर लेने आया और न ही कोई पैसे जमा हुए। दुकानदार संजय ने बताया कि वो व्यक्ति कॉल भी नही उठा रहा है। हालांकि, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में उस शख्स की तस्वीर कैद हो गई है।


