
Jamui: जमुई से बड़ी खबर सामने आ रही है, जमुई पुलिस ने एक 50 हजार इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। जिसकी तलाश जमुई पुलिस को लम्बे समय से थी। पुलिस पदाधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए आरोपी ट्रेन के जरिए जमुई आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। जिसको लेकर शनिवार को जमुई एसडीपीओ सतीश सुमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और जानकारी देते हुए बताया कि जमुई के विभिन्न थानों में दर्ज पांच अलग अलग कांडो में वांछित अभियुक्त विपिन दास को जमुई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त विपिन दास पर हत्या, डकैती, अपहरण सहित कई मामले दर्ज है।

बड़े व्यवसायी के पुत्र की अपहरण, फिरौती और हत्या की थी साजिश

जमुई पुलिस अधीक्षक डॉक्टर शौर्य सुमन को गुप्त सूचना मिली कि गिरफ्तार अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर बरहट के एक बड़े व्यवसायी के पुत्र की अपहरण की योजना बना रहा है। उनकी योजना अपहरण कर अपहृत की हत्या करने के साथ-साथ एक मोटी रकम फिरौती के रूप में वसूलनी थी। पुलिस को सही समय पर सूचना प्राप्त हुई और अपराधियों के पूरे योजना को समय रहते विफल कर दिया गया।
इसी गिरोह ने की थी देवघर के युवक की हत्या
बता दें पिछले दिनों देवघर के एक युवक राजीव ठाकुर को भी इसी गिरोह द्वारा अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। कुंडा थाना इलाके का रहने वाला युवक राजीव ठाकुर अपना गाड़ी भाड़ा में चलाता था, 30.05.2024 को देवघर बाजाला चौक से ही अपराधियों द्वारा इसे रिजर्व कर जमुई जाने के नाम पर ले जाया गया था। इसी हत्या मामले में जमुई पुलिस ने पूर्व में ही पांच अभियुक्त को चाइनीज पिस्टल, भारी मात्रा में गांजा और लूटी हुई स्विफ्ट डिजायर कार के साथ गिरफ्तार किया था। अनुसंधान के क्रम में यह पता चला है कि जमुई पुलिस द्वारा जप्त पिस्टल से ही बांका के बेलहर थाना अंतर्गत राजीव कुमार ठाकुर की हत्या की गई थी और हत्या करने के बाद अपराधियों ने उसकी स्विफ्ट डिजायर लूट ली थी। इसी गिरोह के द्वारा ही खैरा और लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्रों में डकैती की घटना भी कारीत की गई थी।
लक्ष्मीपुर में सीएसपी कर्मी से लूट
इसी संगठित गिरोह के अपराधियों द्वारा लक्ष्मीपुर थाना अंतर्गत एक सीएसपी कर्मी से ₹70,000/-, एक मोबाइल और एक टैब लूट लिया गया था पुलिस द्वारा उस वक्त सम्यक अनुसंधान और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर लूट कांड का सफल उद्भेदन करते हुए इस संगठित गिरोह के सदस्यों की अपराधिक संलिप्तता स्थापित कर ली थी।
खैरा और बरहट लूट कांड में इस संगठित गिरोह की थी संलिप्तता
खैरा और बरहट की अलग-अलग लूट की घटनाओं में 02 व्यक्तियों के साथ उनके मोटरसाइकिल और रुपए लूटे जाने की घटना में भी इसी संगठित गिरोह की संलिप्तता स्थापित हुई है। गिरफ्तार हुए अपराधियों में से एक अपराधी ने उनदोनों लूट कांड के मोटरसाइकिलों को अवैध रूप से एक जगह से दूसरे जगह ले जाकर उसे छिपाने में गिरोह के बाकी सदस्यों की मदद की थी।
संगठित गिरोह की बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी थी
विशेष अनुसंधान दल द्वारा इस संगठित गिरोह के मुख्य सदस्यों के सभी संभावित ठिकानों पर तकनीकी सर्विलांस के आधार पर प्रत्येक दिन छापामारी की जा रही थी। इस क्रम में पुलिस को यह सटीक सूचना प्राप्त थी कि इस गिरोह के पास लगभग 9-10 की संख्या में अपराधी, एक चार पहिया वाहन, 3-4 दोपहिया वाहन, 4-5 की संख्या में देसी कट्टा के अलावा लूट/अपहरण कारित किए जाने में प्रयोग किए जाने के लिए नकाब भी है। पुलिस द्वारा लगातार आसूचना संकलन, तकनीकी सर्विलांस और विशेष गुप्तचरों के माध्यम से इस संगठित गिरोह की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए सटीक समय पर कार्रवाई की सुनियोजित योजना बनाई गई थी।
गिरोह के नौ सदस्य में छह गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार इस गिरोह में कुल नौ सदस्य शामिल थे, जिनमे विपिन दास को मिलाकर कुल 6 अभियुक्त गिरफ्तार कर लिए गए है और बाकी के तीन अभियुक्त की भी तलाश जमुई पुलिस कर रही है। कुल मिलाकर जमुई पुलिस ने एक बड़े संगठित अपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है। जिनकी संलिप्तता जमुई में हाल में हुए कई कांडो में थी। अंत में एसडीपीओ सतीश सुमन ने कहा है की इस गिरोह के बाकी तीन सदस्य भी जल्द सलाखों के पीछे होंगे।



