
Deoghar: देवघर नगर थाना की पुलिस ने एक लॉज के कमरे से तीन युवकों को पकड़ा है। युवकों के साथ एक किशोरी को भी बरामद किया गया है। पुलिस युवकों को थाना में लाकर पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल इस बारे में कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।

बताया जाता है कि किशोरी दुमका जिला के तालझारी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वर्तमान में वह अपने स्वजनों के साथ देवघर में ही रह रही है। किशोरी दो सितंबर से ही घर से गायब थी। स्वजनों ने काफी तलाश की लेकिन कहीं से कुछ भी पता नहीं चला। बाद में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

इधर पुलिस को सीता होटल के समीप एक लॉज के एक कमरे में एक किशोरी होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने लाज पहुंचकर कमरे की तलाशी ली। पुलिस ने कमरे में किशोरी के साथ तीन युवकों को पाया। पूछे जाने पर बताया कि तीन दिनों से किशोरी को कमरे में रखा गया था। उसी कमरे में तीन युवक भी साथ रहते थे।
पुलिस थाना लाकर युवकों से यह जानने का प्रयास कर रही है कि किशोरी को किस परिस्थिति में कमरे में रखा था। उसके साथ अनैतिक काम तो इन युवकों द्वारा नहीं किया गया। इसके अलावा पुलिस अन्य सभी बिंदुओं पर युवकों से पूछताछ कर रही है।



