
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बाइपास रोड स्थित देवघर कॉलेज और जटाही मोड़ के बीच एक फर्नीचर दुकान के सामने सोमवार की देर रात को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक का नाम 42 वर्षीय दिवाकर ठाकुर है जो जसीडीह थाना क्षेत्र के कोठिया का रहने वाला था। वर्तमान में नगर थाना इलाके के कृष्णापुरी में घर बनाकर कर परिवार के साथ रह रहा था। वह बिलासी में सैलून चलाने का कार्य करता था।

देर रात को जानकारी मिलते ही नगर थाना की पैट्रोलिंग पार्टी और पीसीआर वैन घटना स्थल पहुंची और उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां देखने बाद डॉक्टर के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना देर रात करीब 11.45 के आसपास की बतायाी जाती है। मंगलवार की सुबह नगर थाना के एसआई धर्मवीर भगत घटना स्थल पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला। इधर पुलिस को दिये बयान में मृतक कि पत्नी सुनीता देवी ने कहा है कि बिलासी में किराये के मकान में उसके पति सैलून चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। वह दिन भर सैलून में काम कर देर रात को अपने बाइक से कृष्णापुरी घर लौटते थे।

कहा है कि सोमवार को देर रात तक घर नहीं लौटने पर उनके मोबाइल पर कॉल किया तो कोई जबाव नहीं मिला। देर रात को पुलिस द्वारा फोन कर घटना की जानकारी दी गयी। जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे तो पति को मृत पाया। कहा है कि अज्ञात वाहन के धक्के से उसके पति की मौत हो गयी। इधर बयान लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।


