
Deoghar: देवघर सदर अस्पताल में रविवार को ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। मृतका का नाम मुन्नी देवी है जो जिले के सारवां थाना इलाके के जियाखाड़ा गावं की रहने वाली है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

मृतका के भाई मनोज वर्मा ने बताया कि डॉक्टर के कहे अनुसार शुक्रवार को उसने अपने बहन को अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन के लिए शनिवार का दिन तय किया था। शनिवार की शाम 04 बजे करीब सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ रंजन सिन्हा के द्वारा महिला का ऑपरेशन किया गया। लेकिन ऑपरेशन के करीब दस से बारह घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। मृतक महिला के भाई मनोज वर्मा ने बताया कि उसकी बहन के बच्चेदानी को डॉक्टरों द्वारा खराब बताया गया और उसे निकालने की बात कही गई। लेकिन सही तरीके से ऑपरेशन नहीं करने के कारण उसकी बहन की मौत हो गई है।

परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टर की लापरवाही की वजह से मरीज की मौत हुई है तो अस्पताल प्रबंधन को मुआवजा भी देना चाहिए।मरीज के मौत के बाद रविवार को परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। हालांकि अस्पताल प्रबंधन और पुलिस के द्वारा काफी देर तक समझाने बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को तैयार हो गए। वहीं पूरे मामले पर सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर रंजन सिन्हा ने कहा कि मरीज की स्थिति काफी गंभीर थी। मरीज को बहुत ही ज्यादा ब्लीडिंग हो रहा था जिस वजह से डॉक्टर ने परिजन को पहले ही इसकी जानकारी दी थी कि ऑपरेशन के बाद यह कहना मुश्किल है कि मरीज में कितना सुधार हो सकता है । इसीलिए ऑपरेशन के बाद मरीज का ब्लीडिंग नहीं रुका और उसकी मौत हो गई।



