
Ranchi: झारखंड में चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार राज्य में मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन गुरुवार को किया जाएगा। इसी दिन से ‘नाम जांचो अभियान की भी शुरुआत की जा रही है।’

राज्य चुनाव आयोग ने लोगों से अपील की है कि वे ‘नाम जांचो अभियान’ हिस्सा बनें और सोशल मीडिया पर फोटो, वीडियो, रील पोस्ट करें। # नाम जांचो के साथ गुरुवार की दोपहर 12 बजे से 01 बजे के बीच सोशल मीडिया पर लोगों से पोस्ट करने को कहा गया है।

आयोग के अनुसार बूथ के अनुसार मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जा रहा है। आप वेबसाइट पर जाकर अपने बूथ संख्या के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं। ऑनलाइन या एसएमएस के जरिए भी वोटर लिस्ट में वोटर अपना नाम चेक कर सकते हैं।
मतदाता सूची के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 25 जुलाई को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा। इसी दिन से मतदाता सत्यापन अभियान # नाम जांचो की शुरुआत की जा रही है।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पूरे राज्य में # नाम जांचो अभियान की शुरुआत की जा रही है।
सभी नागरिकों से वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक करते हुए सोशल मीडिया पर फोटो, वीडियो, रील पोस्ट करने की अपील की गयी है।
रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने 25 जुलाई को जिलेवासियों से अपना नाम वोटर लिस्ट में चेक करते हुए दोपहर 12 बजे से 01 बजे के बीच सोशल मीडिया पर #नाम जांचो के साथ फोटो, वीडियो, रील पोस्ट करने की अपील की है।
नाम जांचो अभियान दिवस पर 25 जुलाई को सभी बूथों पर मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा। सभी बूथों पर बीएलओ प्रकाशित प्रारूप के साथ मौजूद रहेंगे। नागरिक बूथ पर प्रकाशित प्रारूप में अपना नाम जांच सकते हैं।
ऑनलाइन माध्यम से भी वोटर लिस्ट में नाम जांचा जा सकता है। मतदाता हेल्पलाइन ऐप या मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की बेवसाइट https://ceo.jharkhand.gov.in या Voters Service Portal (https://voters.eci.gov.in/) के माध्यम से मतदाता वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकते हैं।
वोटर एसएमएस के माध्यम से भी वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ECI लिखकर 1950 पर सेंड करना होगा।
सभी बूथों पर बीएलओ प्रकाशित मतदाता सूची के प्रारूप एवं प्रपत्र-6,7 और 8 के साथ मौजूद रहेंगे. अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है तो बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन मोड में आवेदन जमा किया जा सकता है, जबकि मतदाता हेल्पलाइन ऐप या मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की बेवसाइट https://ceo.jharkhand.gov.in या Voters Service Portal (https://voters.eci.gov.in/) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा किया जा सकता है। (HS)



