
Deoghar / Deoghar : मधुपुर कुंडू बंगला रोड स्थित फ्लिपकार्ट कंपनी का सामान आपूर्ति करने वाले इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में बीते रात आधा दर्जन से अधिक अपराधियों ने धावा बोलकर 8.30 लाख नगद, सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर और कर्मियों का मोबाइल लूट लिया।

मामले में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार की रात पांच की संख्या में अपराधी कार्यालय के बाहर पहुंचे और मुंह में गमछा लपेटने के बाद अंदर प्रवेश कर गए।

अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाते हुए कार्यालय में काम कर रहे तीन कर्मियों को कब्जे में लेते हुए सभी का मुंह और हाथ बांध दिया। अपराधियों ने दो दिन की बिक्री का रखा नगद करीब 8.30 लाख रुपया और तीनों कर्मचारियों का मोबाइल लूट लिया।

कर्मचारियों से अपराधियों ने मारपीट भी की। कार्यालय में रखे सामान का तोड़फोड़ करते हुए सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर उखाड़ कर अपने साथ ले गए। घटना के दौरान बारिश हो रही थी और बिजली भी नहीं थी। आसपास सन्नाटा था।
घटना की सूचना पर एसडीपीओ सुमित सौरव लकड़ा इंस्पेक्टर इंचार्ज सतीश गोराई पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की भी जांच की। घटना के दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार खड़ी थी जो लगातार चालू थी। घटना को लेकर कंपनी के दीपक गुप्ता ने मधुपुर थाने में लिखित शिकायत दी है।



