
Deoghar: देवघर शहर में रंगदारी, डकैती और धमकी देकर जमीन पर कब्जा जमाने वाले बाबा गैंग के संचालक शिबु मिश्रा को देवघर पुलिस ने गिरफ्तार कर पुछताछ के बाद जेल भेज दिया। वह रंगदारी, डकैती और विस्फोटक अधिनियम का आरोपी था। वह सात मामले में वांछित था।

बाबा परिहस्त की मौत के बाद उसके गैंग का मुख्य संचालक शिबु मिश्रा बन गया था। मार्च माह में जब उसे देवघर पुलिस उसके घर में छापेमारी करने गयी थी तो वह छत के सहारे फरार हो गया था। उस वक्त जब पुलिस द्वारा उसके घर की तलाशी ली गयी तो वहां 06 जिंदा बम बरामद किया गया था।

बताते चलें कि देवघर पुलिस को बुधवार की दोपहर में गुप्त सूचना मिली की शिबु मिश्रा शिवगंगा स्थित अपने घर पर आया हुआ है। उक्त सूचना पर सदर एसडीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में छापेमारी के लिये एक टीम का गठन किया गया। जिसमें नगर थाना प्रभारी पुनि राजीव कुमार, पुअनि संदीप कृष्णा, पुअनि प्रशांत कुमार, पुअनि घनश्याम गंझू सहित पुलिस के जवान शामिल थे। टीम द्वारा छापामारी कर शिबू मिश्रा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
हांलाकि उसके पास से कोई हथियार नहीं बरामद किया गया है। गुरूवार को पुछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।


