
Deoghar: प्रधान स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह ने देवघर के नये एवं पुराने सदर अस्पताल का निरिक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देवघर सदर अस्पताल के स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी और डॉक्टर के साथ एक बैठक किया।

उपाधीक्षक कार्यालय के सभागार में उन्होंने निदेशक प्रमुख डा. सीके शाही, डीडीसी नवीन कुमार, डिप्टी डायरेक्टर डा. अनिल कुमार, संयुक्त सचिव ललित शुक्ला, आरडीडीएच डा. आरएन झा, सिविल सर्जन डा. रंजन सिंह, उपाधीक्षक डा. प्रभात रंजन सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान नए और पुराने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा को बेहतर करने, नई व्यवस्था को लागू करने की कार्य योजना पर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को काफी कमी है। इसमें सुधार लाने की दिशा में काम किए जाने की जरूरत है। ताकि आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिले।

सोमवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे प्रधान सचिव स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग अजय कुमार सिंह ने कहा कि चिकित्सकों की कमी के वजह से दोनों जगह पर एक साथ ओपीडी चलाना संभव नहीं हो पाएगा। इसलिए नया और पुराना सदर अस्पताल में कुछ-कुछ ओपीडी सेवा बहाल की जाएगी। पुराना सदर अस्पताल में कुछ ओपीडी चलाया जाएगा। यहां इमरजेंसी, ओपीडी, ड्रेसिंग, ब्लड बैंक पुराना सदर अस्पताल में ही रहेगी। साथ ही कुछ इमरजेंसी मामलों के लिए बेड की भी व्यवस्था कराई जाएगी। फिलहाल पुराना सदर अस्पताल में आवश्यकतानुसार बेड की व्यवस्था कराई जाएगी। इस दिशा में प्लान तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नया सदर अस्पताल में बेडों की संख्या 250 तक की जाएगी। यहां भर्ती होने वाले मरीजों को रखा जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने सदर अस्पताल में संचालित सभी ओपीडी, ओटी, आइसीयू, इमरजेंसी, लैब, स्टोर, एसएनसीयू, पीपीपी मोड पर संचालित सिटी स्नैक लैब, जांच घर, महिला वार्ड सहित तमाम वार्डों का बारी-बारी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कुछ मरीजों से भी बात की। वहीं गरीब मरीजों को आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी भी जानकारी आयुष्मान मित्र से प्राप्त किया। उन्होंने अस्पताल के सबसे ऊपरी तल्ला में बंद कमरे का ताला खोलवा कर जांच किया। प्रधान सचिव सिविल सर्जन कार्यालय परिसर स्थित ब्लड बैंक भवन का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि भवन के ग्राउंड प्लोर में रेडक्रास का कार्यालय है। इस पर उन्होंने डीडीसी को बुलाकर रेडक्रास को भवन से खाली कराने का निर्देश दिया।


