
Deoghar: लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में संथाल परगना की तीन सीटों गोड्डा, दुमका और राजमहल में शनिवार को शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ। सुबह से ही खुशनुमा मौसम, हल्की हवाएं और रिमझिम बारिश फिर दोपहर में कड़ी धूप के बावजूद संताल परगना के मतदाताओं ने जमकर अपने अधिकार का प्रयोग किया। सुबह 7 बजे से ही वोटरों की लंबी कतार बूथों पर लगने लगी थी। शाम पांच बजे तक के चुनाव आयोग के आंकड़े के मुताबिक संताल परगना की तीन सीटों पर 67.95 प्रतिशत वोटिंग हुई। हालांकि अभी इसमें कुछ प्रतिशत की वृद्धि की संभावना है।

सबसे अधिक वोट दुमका लोकसभा क्षेत्र में हुआ, यहां 69.89 प्रतिशत वोटरों ने मतदान किया है। वहीं गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में 67.24 प्रतिशत और राजमहल लोकसभा क्षेत्र में 66.98 प्रतिशत वोट पड़े हैं। पिछली बार की तुलना में इस बार वोटिंग प्रतिशत में कमी आयी है।

2019 के मतदान के आंकड़े के देखें तो गोड्डा में 69.57 प्रतिशत, दुमका में 73.43 और राजमहल में 72.05 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।
छिटपुट घटनाओ का जिक्र करें तो गोड्डा के पोड़ैयाहाट, मेहरमा, महागामा इलाके में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प हुई। पोड़ैयाहाट में मारपीट मामले में एफआइआर भी दर्ज कराया गया है। गोड्डा में चुनाव कार्य में लगे एक सिपाही को हर्ट अटैक आया है, जिन्हें एयर एंबुलेंस से रांची भेजा गया है।
सातवें और अंतिम चरण में झारखंड की इन तीन सीटों पर डॉ निशिकांत दुबे, सीता सोरेन, विजय हांसदा एवं ताला मरांडी समेत 52 उम्मीदवारों की किस्मत इवीएम में कैद हो गई है।


