Deoghar: देवघर शहर के रहने वाले दो युवक की गिरिडीह के उसरी फॉल में डूबने से मौत हो गयी। मृतक का नाम 19 वर्षीय दीपक कुमार वर्मा और 20 वर्षीय पवन कुमार गुप्ता है। दोनों दोस्त थे। रविवार को दोनों कोचिंग संचालक सोनू गुप्ता के साथ चार पहिया वाहन से पिकनिक मनाने उसरी फॉल गये थे।
फॉल में स्नान करने के दौरान दोनों की डूबकर मौत हो गयी। मौत की खबर सुनते ही दीपक वर्मा की नानी कालीरखा निवासी मालती देवी दहाड़ मारकर रोने लगी। कई पड़ोसी उसे संभालने में लगे थे। पड़ोसियों ने बताया कि दीपक का घर बिहार के बाढ़ में है। वह बचपन से ही नाना रामनन्दन प्रसाद वर्मा एवं नानी मालती देवी के साथ रहकर यहीं पढ़ाई करता था। वह नानी का दुलारा था। वह एएस कॉलेज में प्लस टू का छात्र था। उसके पिता बाढ़ में रहकर मनिहारी की फेरी करने का काम करते हैं। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।
दूसरा मृतक युवक पवन कुमार गुप्ता राम मंदिर रोड का रहने वाला है। वह भी एएस कॉलेज में पढाई करता था। इसी
वर्ष वह साइंस से प्लस टू फर्स्ट डिवीजन से पास हुआ था। पढ़ने में वह काफी तेज था। घटना की जानकरी मिलते ही आस पड़ोस के लोग उसके घर के पास जुटने लगे थे। घटना दिन के 10 बजे की बतायी जाती है, लेकिन दोपहर दो बजे तक लोग यह हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे कि कैसे
उसके मां-पिता को इस घटना की जानकारी दें। लोगों की भीड़ देख पवन के पिता राजकुमार गुप्ता जानकारी लेना चाह रहे थे कि घर के पास इतनी भीड़ क्यों लगी है, लेकिन उपस्थित लोगों ने उनसे कहा कि बिजली विभाग की टीम जांच करने मोहल्ले में पहुंची है।