
Godda Lok Sabha Seat: गोड्डा लोकसभा सीट के लिए अंतिम चरण यानी एक जून को मतदान होना है। आज 17 मई को नाम वापसी के अंतिम दिन दो उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया। नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद देर शाम जिले उपायुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि कुल 29 लोगों ने नामांकन किया था जिसमे 8 लोगों का नामांकन रद्द हुआ और शेष 21 उम्मीदवारों में से 2 का नाम वापसी के पश्चात 19 उम्मीदवार चुनावी मैदान में शेष बचे हैं।

गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में 6 विधानसभा क्षेत्र आते हैं ,जिसमे जरमुंडी , मधुपुर, देवघर, पोरैयाहाट ,गोड्डा और महागामा विधानसभा शामिल हैं। इन सभी विधानसभाओं को मिलाकर कुल 20 लाख 28 हजार 154 लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिनमे 10 लाख 50 हजार 328 पुरुष , 9 लाख 77 हजार 809 महिलायें और 17 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

उपायुक्त जीशान कमर संग पुलिस कप्तान नाथू सिंह मीणा ने भी सुरक्षा के विषयों पर जानकारी देते हुए कहा कि जिले के तीन प्रखंड जो बिहार की सीमा से सटी हुई है उसपर विशेष चौकसी बरती जा रही है। अवैध मादक पदार्थों , हथियार की तस्करी सहित अवैध रूप से पैसों के परिचालन पर पुलिस अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। बताया किअब तक 55 लाख 70 हजार से अधिक की नगद राशी बरामद की जा चुकी है। 7 अवैध हथियार भी बरामद किये गए हैं। 31 लोगों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।


