
Deoghar: झारखंड के देवघर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दान पेटी खुलते ही सुरक्षा और खुफिया विभाग के बीच हलचल मच गई। जिसके बाद बाबा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

दरअसल, बाबा मंदिर के दानपेटियों की नियमित गिनती के दौरान भारतीय मुद्रा और अन्य विदेशी मुद्राओं के साथ पाकिस्तानी नोट मिलने से हड़कंप मच गया है।
दान पेटी से निकला सौ रुपए का पाकिस्तानी नोट

कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में जब बुधवार को दानपेटियां खोली गईं, तो 18 दानपेटियों में भारतीय 32,14,245 रुपयों के अलावा 11 अमेरिकी डॉलर, 20 यूरो और 9280 नेपाली मुद्रा मिली। साथ ही कर्मचारी तब हैरान रह गए जब उनके हाथ 100 रुपये का एक पाकिस्तानी नोट लगा। मंदिर प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना वरीय अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को दी।
संभवतः बाबा बैद्यनाथ मंदिर के इतिहास में यह पहला मौका है जब दानपेटी से पाकिस्तान की मुद्रा बरामद हुई है।
जानकार बताते हैं कि इससे पहले दानपेटी में कई देशों की मुद्राएं मिली हैं, लेकिन पाकिस्तानी नोट का मिलना असामान्य और चिंताजनक है।
सुरक्षा एजेंसी ने शुरू की जांच
पाकिस्तानी नोट की बरामदगी के बाद खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है। नौ जनवरी को आखिरी बार दानपेटी खोली गई थी। तब से लेकर अब तक के सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस अवधि के दौरान क्या कोई व्यक्ति पाकिस्तानी पासपोर्ट पर देवघर आया था। उन होटलों और धर्मशालाओं की भी जांच हो सकती है जहां विदेशी पर्यटक रुकते हैं।
गाजियाबाद कनेक्शन और नोट बरामदगी जांच के घेरे में
पाकिस्तान के साथ जुड़े संदेहास्पद संबंधों को देखते हुए एजेंसियां कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं। क्योंकि हाल ही में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक संदिग्ध युवक और युवती को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान उनके मोबाइल से बाबा बैद्यनाथ मंदिर के फोटो और वीडियो बरामद हुए थे। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार संदिग्धों के तार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने की आशंका जताई गई थी। आरोप है कि ये लोग पैसों के बदले भारत के महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटक स्थलों की रेकी कर रहे थे। जिन्हें बाबा बैद्यनाथ मंदिर के भी लोकेशन, फोटो और वीडियो कलेक्शन का कार्य भी मिला था।
बाबा मंदिर की बढ़ी सुरक्षा
हालांकि, इस मामले के बाद बाबा मंदिर परिसर में सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। मंदिर प्रशासन ने अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों या व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल, पूरा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


