
Deoghar: एक जून से देवघर से बेंगलुरु के लिए फ्लाइट की शुरुआत होने जा रही है। इंडिगो की फ्लाइट देवघर एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए और बेंगलुरु से देवघर के लिए उड़ान भरेगी। जिसको लेकर टिकट बुकिंग की शुरुआत हो चुकी है। आप इंडिगो व विभिन्न साइट से टिकट बुक कर सकते हैं।

एक जून से बेंगलुरु से इंडिगो की फ्लाइट (6E6435) सुबह 10:05 में टेकऑफ करेगी और दोपहर 12:25 बजे देवघर एयरपोर्ट लैंड करेगी। जबकि देवघर एयरपोर्ट से वापस फ्लाइट (6E6437) 12:55 बजे टेकऑफ करेगी और 15:25 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। करीब ढाई घंटे का यह सफर होगा। एक जून के लिए देवघर से बेंगलुरु के लिए 4998 रूपये जबकि बेंगलुरु से देवघर के लिए 6030 रूपये किराया है। सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को देवघर व बेंगलुरु की उड़ान रहेगी।

बता दें कि देवघर से बेंगलुरु की फ्लाइट के लिए गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे लगातार प्रयासरत थे। सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर सहित संताल परगना के लोगों के लिए इससे काफी सहूलियत होगी। पहला तो दक्षिण भारत के श्रद्धालुओं को बाबाधाम आने जाने में अब परेशानी नहीं होगी। वहीं, यहां के स्टूडेंट्स और नौकरीपेशा लोग जो बेंगलुरु या उस इलाके में रह रहे उनके लिए अब घर आना जाना आसान हो जायेगा।


