
Madhupur (Deoghar): लोगों को तरह तरह का प्रलोभन देकर अपना शिकार बनाने वाले साइबर गिरोह के तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साइबर थाना की पुलिस को साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाए जाने की सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर कृष्णानंद सिंह, एसआइ अमर कुमार व त्रिलोचन तामसोय, आरक्षी सुमित कुमार गुप्ता, सपन कुमार मंडल, सरोज कुमार झा व महिला आरक्षी आशा यादव की टीम ने छापेमारी कर मधुपुर थाना क्षेत्र के भेड़वा नवाडीह व आमतल्ला भेड़वा से तीनों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार होने वालों में मधुपुर थाना क्षेत्र के भेड़वानवाडीह निवासी विश्वनाथ दास, आमतल्ला भेड़वा निवासी सनम कुमार दास व सुभाष दास शामिल है। इन गिरफ्तार साइबर ठगों के पास से तीन मोबाइल फोन व चार सिम कार्ड बरामद किया गया है। बरामद मोबाइल को खंगालने पर पुलिस को साइबर अपराध से जुड़े कई लिंक भी मिला है। जिसकी जांच में साइबर थाना की पुलिस जुटी है। इसके अलावा पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े प्रतिबिंब एप में अपलोड किए गए दो फर्जी मोबाइल नंबर भी बरामद किया है। गिरफ्तार तीनों साइबर ठगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



