
Deoghar : चुनाव कराना हमेशा से पुलिस के लिए चुनौती रहा है। चुनौती का सामना करने के लिए पुलिस की ओर से तमाम तरह की तैयारी कर ली गई है। थोड़ी-बहुत कमियों को समय से पूर्व दूर कर लिया जाएगा।

रविवार को पुलिस अधीक्षक के कार्यालय स्थित सभाकक्ष में लोकसभा चुनाव को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा करने के दौरान दुमका रेंज की आइजी ए. विजयालक्ष्मी ने यह बातें कही।

कहा कि जिला स्तर पर अब तक किए सभी काम बेहतर है। बूथों व भवन का भौतिक सत्यापन से लेकर इससे जुड़ी तमाम चीजों पर देवघर पुलिस का काम संतोषजनक है। धारा 107, 110 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। देवघर जिला नक्सल प्रभावित नहीं है। इसलिए यहां नक्सल प्रभावित इलाके जैसी चुनौती नहीं है।
बावजूद शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने को लेकर सभी क्षेत्रों में तैयारी की गई। खासकर सीमावर्ती इलाके में विशेष नजर रखी जा रही है। विभिन्न जगहों पर चेक पोस्ट काम कर रहा है। इन जगहों पर तैनात पुलिस अधिकारी व जवान मुस्तैदी से चेकिंग कर रहे है। कहा कि यहां अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसे आगे भी जारी रखने का निर्देश दिया गया है। इससे पहले उन्होंने बारी-बारी से जिला के सभी थाना क्षेत्रों में चुनाव को लेकर की जा रही कार्यों की समीक्षा की। कहा कि तैयारी लगभग 99 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। एक-दो प्रतिशत की कमी को दूर करने का निर्देश दिया गया है।
मौके पर एसपी राकेश रंजन, सदर एस डीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव, साइबर डीएसपी राजा मित्रा, ट्रेनी आइपीएस सह मोहनपुर थाना प्रभारी शिवम प्रकाश, नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार, इंस्पेक्टर दीपक कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी रवि ठाकुर, सदर इंस्पेक्टर सहदेव प्रसाद, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, रिखिया थाना प्रभारी संजय कुमार, देवीपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार, बुढ़ई थाना प्रभारी संतोष कुमार मंडल सहित सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।


