
Deoghar: देवघर पुलिस ने नॉर्थ ईस्ट के राज्य आसाम समेत अन्य राज्यों से गांजा खरीदकर पश्चिम बंगाल के रास्ते देवघर लाकर बिहार समेत अन्य जगहों पर सप्लाई करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पकड़े गए नशे के कारोबारी गिरोह के 07 गुर्गो के पास से करीब 14 किलो 600 ग्राम गांजा जब्त किया है।

जिसकी कीमत बाजार में सवा लाख रुपये बतायी जाती है। इसे लेकर सदर एसडीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव ने एक प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दुमका की ओर से स्वीफ्ट का संख्या जेएच 15 एई 5191 कार से मादक पदार्थ गांजा लाया जा रहा है।

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम के द्वारा मोहनपुर थाना इलाके के चोपामोड़ के समीप चेकिंग लगाई गई।
इसी दौरान पुलिस की ट्रैप टीम को देखकर दुमका की ओर से देवघर आ रही एक स्विफ्ट डिज़ायर कार भागने लगी। पुलिस टीप के द्वारा पीछा कर उक्त कार को रोका गया। कार को रोककर जब तलाशी ली गयी तो उसमे भारी मात्र में गांजा बरामद किया गया।
वहीं चार लोगों को दबोच लिया गया। चारो ने पूछताछ के दौरान बताया कि गिरोह के तीन अन्य सदस्य ट्रेन के ज़रिए और गांजा लेकर घोरमारा स्टेशन पर उतरा है। उपरांत पुलिस टीम घोरमारा बाजार पहुंची। पुलिस को देखकर तीन युवक भागने लगे। जवानों ने तीनों को खदेड़कर पकड़ लिया।
ये गये जेल
अवैध गांजा के साथ दबोचे गये अभियुक्तों में सुरेश कुमार, विक्रम कुमार, अंकित कुमार, लोचन भोक्ता, रमेश कुमार, छोटन कुमार तथा सुबोध कुमार के नाम शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने 14 किलो 600 ग्राम गांजा, एक स्वीफ्ट डिजायर कार तथा 06 मोबाइल बरामद किया है।
छापेमारी टीम में थे शामिल
छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ के अलावे प्रशिक्षु आईपीएस शिवम प्रकाश, मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार, सअनि प्रमोद कुमार, लर्नर चालक आरक्षी बंशीलाल यादव, रोहत कुमार, आरक्षी श्रवण कुमार, राकेश कुमार और रामकुमार साह शामिल थे।



