
Deoghar: साइबर अपराधियों के खिलाफ साइबर थाने का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत छापेमारी कर पुलिस ने 09 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साइबर अपराधियों के पास से मिले मोबाइल की छानबीन करने पर पता चला है कि इनका लिंक देश के दूसरे प्रदेशों में हुए साइबर ठगी के मामलों से भी जुड़ा हुआ है। इस दिशा में भी पुलिस छानबीन कर रही है।

वहीं पूछताछ के क्रम में पता चला है कि ये लोग मूल रूप से लोगों को उनका एयरटेल पेयमेंट बैंक का क्रेडिट कार्ड बंद हो जाने के नाम पर फोन करते थे, उसे फिर से चालू कराने की बात कर लोगों को झांसा में ले लेते थे। उपरांत ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ करने के बाद आरोपितों को जेल भेज दिया गया।

ये गये जेल
धराये साइबर अपराधियों में जिले के मोहनपुर थाना इलाके के रांगामोदीचक गांव निवासी सागर यादव, सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र का निवासी समीम अंसारी, इसी थाना क्षेत्र के भिखोडीह गांव निवासी रितेश मंडल, करौं थाना क्षेत्र के डुमरतर गांव निवासी मिथुन दास, इसी थाना क्षेत्र के जगाडीह गांव निवासी सुनील मंडल, पथरौल थाना क्षेत्र के गोनैया गांव निवासी अजीत कुमार दास, अभिषेक दास, मधुपुर थाना क्षेत्र के सलैया गांव निवासी संजय कुमार दास और जसीडीह थाना क्षेत्र के संथाली गांव निवासी सोनू कुमारी रवानी शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने 10 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड, एक पासबुक बरामद किया है।


