Ranchi: झारखंड में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद चंपई सरकार मुश्किल में पड़ गई है। कैबिनेट विस्तार में मंत्री पद नहीं मिलने से कांग्रेस के 17 में से 12 विधायक नाराज हैं। इधर, भाजपा सियासी उथल पुथल पर अपनी पैनी निगाहें रख रही है।
दरअसल, ये विधायक कांग्रेस कोटे से मंत्रियों के रिपीट होने पर नाराज हैं। उनका कहना है कि नए चेहरों को कब मौका मिलेगा। नाराज विधायकों ने शनिवार तक दो दिन में तीन बार बैठक की। शनिवार को रांची में भी हेमंत सोरेन के भाई और चंपई सरकार के मंत्री बसंत सोरेन इन विधायकों से मिलने पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनी। इस नाराजगी के साथ शनिवार को 12 विधायक दिल्ली पहुंचे तो अब उनके पीछे-पीछे मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भी दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया है कि वह यहां आज मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगे। मतलब साफ है कि झारखंड में कांग्रेस विधायकों की नाराजगी का असर सरकार पर पड़े, इससे पहले ही सीएम चंपाई सोरेन कांग्रेस हाईकमान से मिल सब कुछ ठीक कर लेना चाहते हैं।
इधर, पार्टी हाईकमान की ओर से झारखंड के प्रभारी एवं कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर को विधायकों से सीधे और निरंतर संवाद करने का विशेष निर्देश दिया गया है। झारखंड में विधायकों की नाराजगी से बढ़ी चिंता की सबसे बड़ी वजह सूबे में भाजपा की सियासी मौके की तलाश पर लगी निगाहें हैं।
इसी राजनीतिक उठा पटक के बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने चुटकी ली है। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा है “भागम भाग साल 2024 झारखंड में रिलीज हुई ऐसी कॉमेडी फिल्म है जिसे देखने के बाद जनता लोटपोट हो गया है। इसका निर्देशन हेमंत जी और निर्माण राहुल गांधी जी ने किया है।”
बता दें कि चंपई सरकार में कांग्रेस के 4 विधायक मंत्री हैं।