
Ranchi: झारखंड वासियों को एक बार फिर से बारिश और कोहरे का सामना करना पड़ेगा। 11 और 12 फरवरी को राज्य के मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखा जायेगा। बारिश पश्चिमी विक्षोभ के असर से होगी।

मौसम विज्ञान केंद्र ने इस संबंध में जानकारी दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि 11 और 12 फरवरी को राज्य में फिर से हल्के से मध्मय दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 11 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से में बारिश की संभावना है। इसमें पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, कोडरमा जिला शामिल हैं। वहीं, 12 फरवरी को पश्चिमी हिस्से के साथ ही मध्य भाग में भी बारिश की संभावना है। जिसमें खूंटी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला जिला शामिल हैं। इन जिलों में 11 और 12 फरवरी को गर्जन की भी संभावना व्यक्त की गयी है।

अभिषेक आनंद ने बताया कि 7 से 10 फरवरी तक राज्य भर में आंशिक बादल का असर देखा जायेगा। बादल छाये रहने के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जायेगी। जो तीन डिग्री तक की होगी। लेकिन तीन दिनों के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी। जो दो डिग्री तक होगी।


