Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के गुलिपाथर में उस वक़्त बड़ा हादसा टल गया जब एक बालू लदा अनियंत्रित ट्रैक्टर पुलिस से बचने के चक्कर में कई गाड़ियों को टक्कर मारते हुए एक फास्ट फूड दूकान में घुस गया। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद कुछ वक्त के लिए सड़क पर जाम लग गया।
वहीं, हादसे में घायल व्यक्ति रोहिणी पथरचट्टी का रहने वाला मोहित पंडित है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अवैध बालू लदे ट्रैक्टर का पीछा नगर थाना की गश्ती वाहन कर रही थी। पुलिस से बचने के लिए ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में था। इसी क्रम में गुलीपाथर पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी वाहनों में धक्का मारते हुए कई दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और एक फ़ास्ट फ़ूड दुकान में घुस गया। जबकि, चालक कूद कर फरार हो गया। इसी क्रम में मिट्टी का प्याला बेचकर घर लौट रहा मोहित पंडित गंभीर रूप से जख़्मी हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना के एसआई ओमप्रकाश सिंह सदलबल वहां पहुंचे और लोगों को समझा बुझा कर बीच सड़क से हटाया। घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। नगर पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर उसके मालिक और चालक का पता लगाने में जुट गयी है।