Ranchi: रांची स्थित विश्वैसरैया स्वच्छता एवं जल अकादमी में पांच दिवसीय मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ हुआ। झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में सर्वोच्च न्यायालय की मेडिएशन एंड कॉन्सिलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी (एमसीपीसी) द्वारा यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना सहित सर्वोच्च न्यायालय की एमसीपीसी की प्रशिक्षका राज लक्ष्मी सिन्हा, नीरज उपाध्याय, अशोक कुमार राय, शिव शंकर प्रसाद ने संयुक्त रुप से किया। प्रशिक्षकों द्वारा प्रथम दिन कुशलतापूर्वक प्रशिक्षण के कार्य को पांच सत्रों में किया गया।
झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना ने इस अवसर पर मामलों के निष्पादन में मध्यस्थ की भूमिका एवं उनके प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उद्घाटन समारोह का संचालन झालसा के डिप्टी सेक्रेटरी अभिषेक कुमार ने किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड के देवघर, रामगढ़, रांची, चाईबासा, सरायकेला आदि विभिन्न जिलों से मध्यस्थ के रूप में चयनित अधिवक्तागण व अन्य शामिल हैं, जिसमें प्रमुख रूप से देवघर के राज कुमार शर्मा, फाल्गुनी मरीक, संजय कुमार मिश्रा, मधुपुर से प्रमोद वर्मा, विनय राय, बिनोद सिन्हा आदि शामिल रहे। प्रशिक्षण बैच पांच व बैच छह के दो समूहों में दिया जा रहा है।