
Deoghar: देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान जरमुंडी थाना क्षेत्र के गिधनी गांव की रहने वाली 21 वर्षीय सुफली देवी की मौत हो गई। मौत जहरीला पदार्थ खाने की वजह से होने की आशंका व्यक्त की गई है।

बताया जाता है कि मंगलवार देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। यहां भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। उसी क्रम में देर रात उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर मृतक के पिता सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के बिंझा गांव निवासी सुखदेव मांझी सहित अन्य रिश्तेदार सदर अस्पताल पहुंचे। यहां ससुरालवालों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या का आरोप लगाते हुए बैद्यनाथधाम ओपी के पुलिस पदाधिकारी के पास अपना फर्द बयान दर्ज कराया।

जिसमें कहना है कि छह पूर्व सुफली की शादी गिधनी निवासी मुन्ना मांझी के साथ किया था। शादी के दौरान नकदी, सामान सहित एक मोटरसाइकिल उपहारस्वरूप दिया था। लेकिन ससुरालवालों की ओर से दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ अक्सर मारपीट किया जाता था। साथ ही अन्य कई तरह से उसे प्रताड़ित भी किया जाता था।
मांग पूरी नहीं होने पर पति सहित ससुर प्रयाग मांझी, सास पुतली देवी व भैसूर नुनेश्वर मांझी ने मिलकर उसको जान से मार डाला। बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस ने फर्द बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को भेज दिया है। इधर पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को शव सौंप दिया गया है।



