Deoghar: देवघर पुलिस ने एक युवक का अपहरण करने के आरोप में चार युवकों को पकड़ा है। बताया जा रहा कि चारों युवकों ने फर्जी रांची साइबर सेल की पुलिस बनकर एक युवक को अगवा किया था। चारों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के बदिया मोड़ के पास से एक युवक को चार युवकों ने पकड़ा और कहा कि वे रांची साइबर थाना के पुलिस कर्मी हैं। पकड़े गए युवक को साइबर आरोपित बताया। उक्त युवक को स्कार्पियो गाड़ी में बैठाकर ले जाया जा रहा था। इस दौरान पालोजोरी थाना की पुलिस को इसकी भनक लग गई। जिसके बाद सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया।
इन युवकों को गाड़ी सहित नगर थाना पुलिस ने पकड़ लिया। बाद में सभी को पालोजोरी थाना के पुलिस के हवाले कर दिया गया। पालोजोरी थाना की पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है।
पकड़े गए युवकों में तीन बिहार के बेगुसराय जिला के रहने वाले हैं। वहीं एक रांची जिला बल का आरक्षी भी पकड़ा गया है। वह मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिला के बड़हिया थाना क्षेत्र का निवासी है जो वर्तमान में रांची जिला बल में पदस्थापित है। वह छुट्टी लेकर घर गया था। इसी दौरान अपने साथियों के साथ मिलकर उसने इस घटना को अंजाम देने की साजिश रच डाली।
हालांकि फिलहाल पुलिस इस बारे में कुछ नहीं बता रही है।