Deoghar Crime: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र मे स्थित देवघर-सारठ मुख्य मार्ग पर दुधनिया में रविवार की शाम को एक अधेड़ की जमीन विवाद मे गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम 48 वर्षीय महेंद्र यादव बताया जाता है। महेन्द्र को छाती के नीचे बांए तरफ दो गोली, पीठ के पंजरा में दो गोली और बांये हाथ के केहुनी में दो गोली मारी गयी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही शाम को सदर एसडीपीओ पवन कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सदबल मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि पुलिस ने घटनास्थल से पांच गोली का खोखा भी बरामद किया है। घटना की बाबत बताया जाता है कि महेंद्र अपने श्रृंगार दुकान में दीपावली के मौके पर दीया जला रहा था। वह दुकान उसकी पत्नी चलाने का काम करती थी।
इस दौरान बाइक से तीन-चार की संख्या में अपराधी वहां पहुंचे और उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दिया। घटना के बाद उसे त्वरित इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है की मृतक महेंद्र यादव गणेश मार्केट स्थित एक दुकान में काम करता था। हर दिन वह साइकिल से आना-जाना करता था। सूत्रों ने बताया कि उसे मामा घर से दुधनिया रोड किनारे लगभग 20 कट्ठा जमीन मिला था। उक्त जमीन पर भू माफिया की नजर थी।
उक्त जमीन को लेकर उसे कई बार धमकी भी मिला था। जिसे लेकर पूर्व में वह कुंडा थाने में शिकायत भी किया था। लेकिन कुंडा पुलिस इसे हल्के में लिया था।
परिजनों का कहना है कि यदि कुंडा पुलिस सही समय पर इस मामले में एक्शन ली होती तो इतनी बड़ी घटना नहीं घटती। इधर कुंडा पुलिस घटना के बाद संदिग्ध आरोपियों की तलाश में छापेमारी करने में जुट गई है।
मामले में एक महिला सहित कई हिरासत में
हत्या मामले में कुंडा थाना में मृतक की पत्नी नीतू देवी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। मामले में 10-11 नामजद और पांच- छह अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित चार से पांच की संख्या में संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुछताछ कर रही है।
हांलाकि इस मामले पुलिस कुछ भी बताने से अभी परहेज कर रही है। सूत्रों कि माने तो दो संदिग्ध को रिखिया थाना क्षेत्र से एक कुंडा थाना इलाके से और एक महिला एवं उसके पति को कोरियासा इलाके से हिरासत में लिया है।
सूत्रों ने बताया कि रिखिया थाना इलाके से हिरासत में लिये गये संदिग्ध के पास एक अवैघ हथियार और गोली बरामद किया गया।