
Deoghar: देवघर में डीटीओ ऑफिस के पास उस वक़्त अफरा-तफरी का माहौल हो गया जब अचानक बाइक लदे एक कंटेनर में आग लग गई। दरअसल, हरियाणा के दाऊदेरा हीरो फैक्ट्री से 40 ग्लैमर बाइक लेकर कृष्णा हीरो शोरूम देवघर आ रही कंटेनर (ट्रक) में मंगलवार रात करीब 10:45 बजे डीटीओ ऑफिस मुख्य गेट के सामने सड़क पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी। इस दौरान बड़ी घटना टल गयी।

हालांकि, चालक व अग्निशमन विभाग की तत्परता से सभी बाइक सहित कंटेनर को बचा लिया गया। जानकारी के मुताबिक, पहले केबिन के अंदर धुआं उठता देख कंटेनर चालक आदित्य ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत इसकी सूचना कृष्णा हीरो शोरूम के मालिक पंकज कुमार गुप्ता सहित अग्निशमन विभाग को दिया। सूचना पाकर तुरंत अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल यादव दो दमकल सहित अपनी टीम के साथ महज 10 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गये और आग बुझाना शुरू किया।

करीब 30 मिनट में अग्निशमन कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इधर, अग्निशमन पदाधिकारी व कंटेनर चालक का दावा है कि बाइक को कोई क्षति नहीं हुई है। सभी 40 बाइकें सुरक्षित हैं। घटना में कंटेनर का अगला हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है।
उधर, कृष्णा हीरो के मालिक पंकज ने बताया कि कुछ बाइकों को क्षति पहुंची है, इससे लाखें के नुकसान का अनुमान है।
अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल यादव ने बताया कि गाड़ी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। सूचना मिलने के 10 मिनट के अंदर दो दमकल के साथ अग्निशमन विभाग की पूरी टीम घटनास्थल पहुंचे और आग पर महज आधे घंटे में काबू पा लिया गया।


