
Madhupur (Deoghar): पिछले दिनों मधुपुर के अनुराग अस्पताल में इलाज के दौरान युवती निशा की मौत के बाद परिजन लगातार अनुराग अस्पताल के मालिक और चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोमवार को मृतका के परिजन गोड्डा लोकसभा के पूर्व सांसद व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता फुरकान अंसारी के आवास पर पहुंचे और घटना की सारी जानकारी पूर्व सांसद को देते हुए न्याय दिलाने की गुहार की है।


परिजनों का आरोप है कि उनकी पुत्री 22 वर्षीय निशा कुमारी की मौत अनुराग हॉस्पिटल के डॉक्टरों की लापरवाही के कारण हुई है। लेकिन अबतक अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों ने पूर्व सांसद से अनुराग अस्पताल के मालिक और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इधर, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने परिजनों को न्याय दिलाने का पूरा आश्वासन दिया है और कहा है कि मृतका को न्याय जरूर मिलेगा, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी इसके लिए उन्होंने देवघर सदर अस्पताल के सिविल सर्जन से बात की है।



