
Jamui: शनिवार की सुबह जब अवैध विदेशी शराब से भरी पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गई तो शराब लूटने की होड़ ग्रामीणों में मच गई। मौके से शराब तस्कर पिकअप लेकर फरार हो गया। मामला सोनो थाना क्षेत्र के बुझायत पंचायत के अक्सा गांव का है। जहां सुबह-सुबह शराब से भरी पिकअप वाहन पलट गई, जब पिकअप पलटने की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों को लगी तो शराब लूटने की ग्रामीणों में होड़ लग गई।

लोग मौके से बोरे में भर भर कर शराब उठने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पिकअप पलटने के बाद शराब तस्कर पिकअप को लेकर किसी तरह मौके से फरार हो गया। आपको बता दें कि गाड़ी में शराब के साथ-साथ पुलिस को चकमा देने के लिए फल भी लोड किया गया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद सोनो थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर बचे हुए शराब को बरामद कर थाना ले आई है। पुलिस ने मौके से लगभग 500 बोतल विदेशी शराब जप्त किया है।
इस मामले में सोनो थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के औरैया के समीप पुलिस द्वारा वाहन जांच चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस को जांच करता देख एक पिकअप वाहन गाड़ी को दूसरी दिशा में मोड़कर फरार हो गया। पुलिस द्वार वाहन का पीछा किया गया। लेकिन वाहन चालक भागने में सफल रहा। इसके बाद पिक अप वाहन अक्सा गांव के समीप पलट गई। पुलिस द्वारा मौके से शराब को बरामद किया गया है। पुलिस अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर करवाई में जुट गई है।



