
Deoghar: देवघर डीसी विशाल सागर द्वारा सोमवार को सदर अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनियां के रोकथाम को लेकर किये जा रहे कार्यों का जायजा लिया।
डायलिसिस सेंटर में भर्ती मरीजों से डीसी ने की बातचीत

इस दौरान उपायुक्त ने सदर अस्पताल परिसर स्थित डायलिसिस सेंटर का निरीक्षण करते हुए मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। साथ ही डायलिसिस सेंटर में भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर दी जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आगे उपायुक्त ने सदर अस्पताल परिसर में बनाये जाने वाले क्रिटिकल केयर सेंटर के स्थल का निरीक्षण कर किये जाने वाले कार्यों पर चर्चा करते हुए संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया।
पुराने सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक पहुंचे डीसी विशाल सागर

इसके अलावे उपायुक्त विशाल सागर ने पुराने सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही ब्लड स्टोरेज, ब्लड डोनेशन, जांच केन्द्र, रक्त की उपलब्धता के अलावा उपायुक्त ने ब्लड बैंक के अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और भी बेहतर बनाने एवं सुचारू रूप से संचालित करने का निदेश दिया, ताकि आमजनों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। आगे उन्होंने ससमय जरूरतमंद मरीजों को ब्लड की उपलब्धता के साथ ब्लड बैंक में ब्लड की उपलब्धता की जानकारी को लेकर ऑनलाईन सिस्टम जेनरेट करने का निदेश दिया, ताकि लोगों को आसानी से ब्लड की उपलब्ध्ता व इससे जुड़ी जानकारी प्राप्त हो सके। साथ ही निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पुराने सदर अस्पताल स्थित जिला आयुष कार्यालय द्वारा मुहैया करायी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तुस्थिति से अवगत हुए। इसके अलावे पुराने सदर अस्पताल परिसर में चिन्हित स्थल पर बनाये जाने वाले पंचकर्म चिकित्सा केन्द्र को लेकर किये जाने वाले कार्यों पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता को आपसी समन्वय के साथ कार्य को गति प्रदान करने का निदेश दिया, ताकि भवन निर्माण द्वारा जल्द से जल्द कार्य पूर्ण किया जा जा सके।
स्वच्छता पर दें विशेष ध्यान- उपायुक्त विशाल सागर
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त विशाल सागर ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि नये व पुराने अस्पताल परिसर के साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दे ताकि यहाँ आने वाले लोगों को एक सुखद अनुभूति हो। साथ हीं उन्होंने कहा कि जैसा कि हम सभी जानते हैं कि एक स्वच्छ वातावरण से हीं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। ऐसे में यदि यहाँ ईलाज के लिए आने वाले लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाय तो स्वच्छता के अभाव में होने वाले बीमारियों से लोगों का बचाव किया जा सकेगा। सभी का यह प्रयास होना चाहिये कि लोगों को अस्पताल परिसर में एक स्वच्छ, सुंदर व बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाय। इसके अलावे उपायुक्त ने ब्लड डोनेशन के प्रति लोगों को जागरूक करने के अलावा डेंगू, मलेरिया व चिकगुनियां के प्रति लोगों को सतर्क करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को एक्टिव होकर कार्य करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपरोक्त के अलावे सिविल सर्जन डॉ0 रंजन सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ प्रभात रंजन, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ विधु विनोद, कार्यपालक अभियंता नागेंद्र नाथ देवनाथ, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीसी सेल से उषा किरण एवं चिकित्सकों की टीम व ब्लड बैंक के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी आदि उपस्थित थे।








