Deoghar: संताल परगना चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, देवघर के सत्र 2021-23 के कार्यसमिति की अंतिम औपचारिक बैठक कल देर शाम 9 सितंबर 2023 को संपन्न हुई। बैठक में सत्र 2021-23 की द्विवार्षिक आम सभा तथा नए सत्र 2023-25 के लिए चुनाव की तिथि 1 अक्टूबर 2023 को कराने का निर्णय लिया गया। सत्र 2021-23 के कार्यसमिति के अंतिम नियमित बैठक में अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने कार्यसमिति के अधिकांश सदस्यों की उपस्थिति के बीच सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए 2 साल के दरमियान चेंबर की गतिविधियों और कार्यकलापों में बेहतर परिणाम देने में सभी पदाधिकारी और सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि संताल परगना चैंबर ने इन दो वर्षों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की और चेंबर के सदस्यों व्यापारिक प्रतिनिधियों और बिजनेस कम्युनिटी की समस्याओं को एक फोरम के रूप में प्राप्त कर उनके निदान में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
इस दौरान सरकार के नीति निर्धारण में अपनी भूमिका कायम करने तथा राज्य और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तालमेल बनाए रखने में चैंबर ने बेहतर उपलब्धि हासिल की। पहली बार जिले के सभी 15 एफपीसी को चैंबर की स्थाई सदस्यता प्रदान कर कृषक समूह और कृषि संबंधित व्यवसाय के उत्थान में तथा कुटीर उद्योगों से जुड़े लघु उद्यमियों के उत्थान में चैंबर ने उल्लेखनीय कार्य किया। अध्यक्ष मल्लिक ने कार्यसमिति के अपने सहयोगियों से कहा कि यह सब आप सभी सदस्यों के उत्साहीपूर्ण सहयोग और समर्पण से संभव हो सका है। उन्होंने भूतपूर्व अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा और बिनोद सुल्तानियां तथा एफिलिएटेड संगठन बिल्डर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीत सिंह, स्वर्ण व्यवसाई संघ के अध्यक्ष दिलीप वर्मा, मधुपुर चेंबर के महासचिव हेमंत नारायण सिंह, पेड़ा एवं प्रसादी विक्रेता संघ के अध्यक्ष हनुमान केशरी और डेकोरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र गुप्ता के प्रति भी उनके सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।
चेंबर के महासचिव प्रमोद छावछरिया ने बताया कि सत्र 2021-23 में चैंबर कार्यकारिणी की 18 नियमित बैठक और 8 विभिन्न कार्यक्रमों के तहत अनौपचारिक बैठकें हुई जो कि हमारे सदस्यों के लिए उल्लेखनीय बात है।
उन्होंने बताया कि सत्र 2023-25 के लिए नए अध्यक्ष, महासचिव सहित 13 कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के लिए 1 अक्टूबर 2023 की तिथि निर्धारित की गई है। चुनाव कार्य को संपन्न कराने के लिए पिछले कई चुनाव में चुनाव पदाधिकारी के रूप में कार्य कर चुके विभूति ठाकुर को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी विभूति ठाकुर अपने सहयोग के लिए अध्यक्ष और महासचिव से मंत्रणा कर दो अन्य सहायक चुनाव पदाधिकारी मनोनीत करेंगे।
मनोनीत मुख्य चुनाव पदाधिकारी विभूति ठाकुर ने कहा कि आगामी 13 सितंबर 2023 को चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम सदस्यों को उपलब्ध करा दी जाएगी। कार्यसमिति ने चुनाव के लिए जलसार रोड स्थित होटल विंध्यवासिनी में चुनाव कार्यालय बनाने का निर्णय लिया। इसके साथ ही श्री छावछरिया ने बताया की 13 सितंबर तक वोटर लिस्ट चुनाव पदाधिकारी को उपलब्ध करा दी जाएगी तथा 1 अक्टूबर 2023 को आयोजित होने वाली आमसभा की विधिवत सूचना और एजेंडा भी प्रकाशित हो जाएगी।
आमसभा में अगर कोई सदस्य अपनी ओर से चेंबर के हित में कोई नया प्रस्ताव या विचार आमसभा के विचारार्थ उठाना चाहते हों तो वह 23 सितंबर 2023 तक लिखित रूप में चेंबर को उपलब्ध करा सकते हैं। बैठक में उपाध्यक्ष संजय मालवीय और पियूष जयसवाल तथा कोषाध्यक्ष दीपक सराईयां ने भी सभी कार्यसमिति सदस्यों को टीम एसपीसीआई की तरह काम करने के लिए धन्यवाद दिया।