Howrah: बुधवार सुबह हावड़ा जिले के बगनान में ढाई साल की बच्ची के सामने ही उसकी मां को गोली मार दी गई। गोली लगने से घायल पत्नी को पति अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना राजापुर थाना क्षेत्र के पिरतला के मुंबई रोड के पास हुई। मृतिका का नाम मीना कुमारी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रकाश कुमार झा नामक व्यक्ति अपनी पत्नी मीना और ढ़ाई साल की बच्ची के साथ झारखंड से कोलकाता लौट रहा था। प्रकाश के मुताबिक, उसने अपनी कार बगनान के महिशबेथा ब्रिज पर खड़ी की और कुछ दूर फ्रेश होने चला गया। कार में पत्नी मीना कुमारी अपनी ढाई साल की बेटी के साथ बैठी थी।
आरोप है कि तभी तीन हथियारबंद बदमाशों ने उनकी कार को घेर लिया। फिर उसने दरवाजा खोलकर कार में घुसने की कोशिश की। उन्होंने महिला का बैग और पैसे लूटने का प्रयास किया। मीना के चीखने पर बदमाशों ने मीना को उसकी ढाई साल की बेटी के सामने ही प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पति दौड़ा। तब तक अपराधी भाग गए।
मासूम बेटी को कार की पिछली सीट पर छोड़कर उसने लहूलुहान पत्नी को कार की डिक्की में डाल दिया। पति के मुताबिक उस वक्त उसकी मदद करने वाला कोई नहीं था। उसने अपनी पत्नी को कार में बिठाया और पास के पिरतला अस्पताल ले गया। वहां महिला को कार की डिक्की से निकाला गया। लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही महिला की मौत हो गई।
बागनान थाने की पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रकाश से पूछताछ हो रही है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपितों की पहचान के प्रयास जारी हैं।