Deoghar: राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव आज रविवार को देवघर पहुंचेंगे। लालू प्रसाद के साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी भी मौजूद रहेंगी।
लालू प्रसाद व राबड़ी देवी रविवार को दिन के 12.35 बजे पटना एयरपोर्ट से झारखंड के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1.35 बजे देवघर पहुंचेंगे। इसके बाद सीधे सर्किट हाउस के लिए रवाना हो जायेंगे। यहीं पर दोनों रात्रि विश्राम करेंगे। उसके बाद कल 11 सितंबर को सुबह 7.20 बजे बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार ने बताया कि यह लालू प्रसाद का पारिवारिक व निजी कार्यक्रम है। हालांकि सर्किट हाउस में वह कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। पार्टी नेताओं के साथ 2024 में होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा भी कर सकते हैं।
इधर प्रदेश राजद अध्यक्ष संजय सिंह यादव व प्रधान महासचिव सह पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव ने पार्टी के नेता-कार्यकर्ताओं को देवघर पहुंच कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत करने का निर्देश दिया है। पार्टी के कई बड़े नेता व कार्यकर्ता लालू प्रसाद व राबड़ी देवी के स्वागत के लिए देवघर रवाना हो चुके हैं।