Deoghar: गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे (Godda MP Dr Nishikant Dubey) ने अब देवघर में उच्च शिक्षण संस्थान खोलने की मांग रखी है। सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर देवघर में झारखंड का दूसरा सेंट्रल यूनिवर्सिटी के साथ-साथ स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर व इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) का सेंटर खोलने की मांग की है।
सांसद ने विशेष तौर पर केंद्रीय मंत्री से देवघर में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (आइआइएसईआर) खोलने की मांग रखते हुए कहा कि देवघर में एम्स, एयरपोर्ट व बीआइटी मेसरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी संताल परगना सहित देवघर में हर क्षेत्र में विकास पर विशेष फोकस है। इस कारण यहां कई बड़े कार्य सार्थक रूप से हुए हैं। अगर देवघर में यह सेंटर खुलता है तो छात्रों देवघर के साथ-साथ अन्य जिलों के छात्रों का भी आगमन होगा और देवघर आर्थिक रूप से समृद्ध भी होगा। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में संताल परगना काफी आगे निकलेगा।
सांसद ने अपनी मांगों में कहा है कि जिस प्रकार बिहार में चार यूनिवर्सिटी सेंट्रल यूनिवर्सिटी है व जम्मू कश्मीर में दो सेंट्रल यूनिवर्सिटी है। वहीं झारखंड में एकमात्र रांची में सेंट्रल यूनिवर्सिटी है। झारखंड के संताल परगना में भी एक सेंट्रल यूनिवर्सिटी खुलनी चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में आगे देवघर में ही सेंट्रल यूनिवर्सिटी खोली जाये। इससे छात्रों को काफी सुविधा होगी।
सांसद ने बताया है कि पूर्वोत्तर भारत में कहीं भी स्कूल का प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर का सेंटर नहीं है। देवघर तेजी से आगे बढ़ता हुआ शहर है। इस इलाके में व्यापक पैमाने पर बिल्डिंग बन रहे हैं। देवघर के छात्रों को तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ रहा है। उन्होंने देवघर में ही स्कूल ऑफ प्लनिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीएम) का सेंटर खोलने की मांग रखी है।
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि सांस्कृतिक राजधानी के साथ-साथ देवघर शिक्षा के क्षेत्र एजुकेशनल हब के रूप में विकसित होगा। यहां धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित हो रही हैं।