Deoghar: जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे की दो अलग-अलग घटनाओं में दो व्यक्ति की मौत इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में हो गई है। एक घटना रोहिणी बायपास रोड के समीप हुई तो दूसरी घटना कोठिया बस स्टैंड के समीप हुई। दोनों घटना में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई। राेहिणी बायपास के समीप हुई।
घटना में जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी निवासी 30 वर्षीय राजेश कुमार की मौत हुई जबकि कोठिया के समीप हुई घटना में जमुई जिला के सिमुलतल्ला थाना क्षेत्र के भंदरा गांव निवासी 23 वर्षीय सुनील कुमार की हुई। दोनों की मौत शुक्रवार सुबह सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में हुई।
पहली घटना के संबंध में मृतक का भाई महेंद्र कुमार राम ने बताया कि राजेश दैनिक मजदूरी का काम करता था। गुरुवार शाम काम खत्म करने के बाद वह बम भोला नगर गेट के समीप मुख्य बायपास रोड पार कर शौच करने गया था। शौच कर वापस आने के क्रम में गिरीडीह से देवघर की ओर तेज गति से आ रही अज्ञात वाहन ने जोरदार धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
कोठिया बस स्टैंड के समीप हुई दूसरी घटना के बारे में बताया जाता है कि सुनील देवघर शहर स्थित एक होटल में काम करता था। वह अपनी मोटरसाइकिल से होटल काम करने आ रहा था। इसी क्रम में कोठिया बस स्टैंड के समीप किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से उसकी बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा था। उसी क्रम में उसकी मौत हो गई। बैद्यनाथधाम ओपी की पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों शवों को उनके स्वजनों को सौंपा दिया।