
Deoghar: देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के डूमरिया गांव में बिजली का करंट लगने से एक आदिवासी युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है। मृतक 35 वर्षीय रंजीत टुडू थाना क्षेत्र के डूमरिया गांव का रहने वाला था।

बताया जाता है कि गुरुवार रात रंजीत व उसकी पत्नी रोजमुनी सोरेन कमरे में सोये थे। रात में गर्मी महसूस होने पर रंजीत टेबुल फैन चलाने के लिए पंखा को उठाया उसी दौरान पंखा में करंट होने की वजह से वह उसके संपर्क में आ गया। पास में ही खड़ी उसकी पत्नी ने पति को करंट से बचाने का प्रयास किया तो वह भी उसके चपेट में आ गई। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना का पता चलते ही स्वजनों ने आसपास रहने वालों की मदद से आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाए। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के उपरांत रंजीत को मृत घोषित कर दिया जबकि उसकी पत्नी को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया। स्वजन उसे इलाज के लिए कुंडा मोड़ स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां उसकी पत्नी का इलाज किया जा रहा है।
वहीं बैद्यनाथधाम ओपी की पुलिस मृतक के स्वजन का फर्द बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


