
Deoghar: सड़क दुघर्टना में घायल हुए चार व्यक्ति में से एक की मौत इलाज के क्रम में देवघर सदर अस्पताल में हो गयी। मृतक का नाम बोलबम रजक है जो सारवां थाना क्षेत्र के पहाड़िया का रहने वाला है। जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल स्थित वैद्यनाथ धाम ओपी के एसआई राजुमार टूडू पहंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।

पुलिस को दिये बयान में मृतक के पिता सुनील रजक ने कहा है कि उसका मृतक बेटा अपने साथियों के साथ जमुई के गढ़वा कटौना स्थित पूल निर्माण में मालिक सतीश कुमार पंडित के अधिन मजदूरी का कार्य करता था। 16 अगस्त को वह अपने साथी फेकू पुजहर साकिन लिलामरडीह, राजू तुरी सानि रतुरा और मोहित पुजहर साकिन कैराकुंडी थाना मारगोमुंडा के साथ मजूदरी कर पिकअप वैन में चढ़ कर वापस घर आ रहा था। पिकअप वैन का चालक काफी तेज गति से वाहन को चला रहा था। उसी दौरान चकाई पेट्रोल पंप के आगे तीरछा मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

इस घटना में उसका पुत्र बोलबम रजक सहित सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। पहले चकाई पुलिस के द्वारा सभी को इलाज के लिये रेफरल अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया। जहां इलाज के क्रम में बोलबम रजक की मौत हो गयी। अन्य तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिये हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


