
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके में इन दिनों बाइक सवार मोबाइल छिनतई करने वाले बदमाशों का मनोबल बढ़ गया है। यह बदमाश हर दिन एक या दो मोबाइल राह चलते लोगों से छिनतई कर फरार हो जा रहे हैं।

नगर पुलिस ऐसे अपराध को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। 27 जनवरी को बाइक सवार बदमाशों ने रिफियुजी कॉलोनी निवासी आशीष कुमार से बिलासी और मातृ मंदिर के बीच शाम को मोबाइल की छिनतई कर ली। इसे लेकर उसने नगर थाना में मामला दर्ज कराया है।

29 जनवरी को शहीद आश्रम रोड निवासी कृष कुमार से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल की झपटमारी कर ली। जिसकी शिकायत नगर थाना में दिया है।
29 जनवरी की रात 10 बजे के आसपास सत्संग रोड स्थित जिला परिषद के सामने बाइक सवार अपराधियों ने बंगाल की रहने वाली एक महिला से मोबाइल छिन लिया। कोलकाता के जादवपुर निवासी मांगोला हालदा ने बताया कि वह सत्संग घूमने आई थी। रात को खाना खाने के बाद वापस रूम जा रही थी उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे और मोबाइल छिन कर फरार हो गया। 30 जनवरी को वह शिकायत देने नगर थाना पहुंची जहां मोबाइल खोने का फार्म भरा कर भेज दिया गया।


