
Patna: बंगाल से झारखंड के रास्ते बिहार जाने के लिये सरकार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने जा रही है। यह ट्रेन पटना से हावड़ा रूट के लिए चलाई जाएगी। इसी महीने से इस सेमी हाई स्पीड वाली ट्रेन को संचालित किया जाएगा। यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने के लिए रेलवे पूरी तरह से तैयार है। हालांकि ये कब से संचालित होगा, इसे लेकर कोई कंफर्म डेट सामने नहीं आई है, लेकिन कहा जा रहा है कि महीने के दूसरे सप्ताह के दौरान इसे शुरू किया जा सकता है।

गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने इस खुशखबरी को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि “देवघर बाबा बैद्यनाथ आनेवाले श्रद्धालुओं को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तोहफ़ा, इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना-हावड़ा बंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुरू करेंगे ।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बहुत बहुत बधाई । देवघर से अब हमलोग मात्र 2.30 घंटे में हावड़ा और पटना पहुँचेंगे।”

पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारी ने बताया कि पटना से हावड़ा के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने की योजना चल रही है। इसे लेकर रेलवे अधिकारियों के बीच बैठक हुई है। रेलवे की ओर से इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने के लिए जमीनी स्तर पर काम तेजी से चल रहा है।
रेलवे पटना-हावड़ा मार्ग पर यह ट्रेन चलाने के लिए समय और किराये पर काम कर रहा है। ईसीआर और पूर्वी रेलवे दोनों के बीच रेल पटरियों को मजबूत करने का काम किया जा रहा है।
बता दें कि बिहार के लिए यह दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन होगी। पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 27 जून को पटना से रांची के लिए शुरू किया गया था।


