Deoghar: देवघर शहरी इलाके में झपटमार गिरोह इन दिनों काफी सक्रिय हो गया है। इस गिरोह ने शुक्रवार को दिनदहाड़े नगर थाना क्षेत्र के सत्संग नगर इलाके में एक महिला का पर्स छीन लिया।
घटना के संबंध में पं. बंगाल के लालपुर थाना क्षेत्र निवासी रतन चंद्र मंडल ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ देवघर सत्संग आश्रम आया है। आश्रम में ठहरने के लिए रात को वे दोनों एक कमरा लिया। उसके बाद शुक्रवार की सुबह 9.30 बजे के आसपास वे लोग अपने कमरे से सत्संग कोल डीपो के पास स्थित पंडाल की ओर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और उनकी पत्नी का बैग झपटने का प्रयास किया। पत्नी ने बैग को कस कर पकड़ रखा था। इस कारण वे बैग को आसानी से नहीं छीन पाए। उन्होंने बैग को जोर से खींचा तो पत्नी झटका लगने से गिर पड़ी और घायल हो गई। उसके बाद बदमाश बैग छीनकर तेजी से फरार हो गए। बैग में दस हजार नकद, एटीएम कार्ड व अन्य सामान मौजूद था।
घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। बताते चलें कि दो दिन पूर्व भी सत्संग नगर इलाके में शाम के वक्त कोरियासा गांव की एक महिला टहलनेे के लिए निकली थी। इस दौरान बाइक सवार झपटमार गिरोह ने उसके गले से सोने का चेन छीन लिया था। महिला ने चेन को पकड़ा तो बदमाश उन्हें घसीटते हुए काफी दूर तक ले गए थे। इस घटना में महिला घायल हो गई थी।
वहीं उसका चेन छीनकर बदमाश फरार हो गए थे। इस तरह की कई अन्य घटनाएं भी हुई है। पुलिस अब तक इस गिरोह का पता लगा नहीं पाई है।
श्रावणी मेला के दौरान शहर में चारों ओर पुलिस कर्मी भरे हुए हैं। इसके बावजूद इस तरह से झपटमार गिरोह खुलेआम बीच सड़क पर घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।