
Jasidih (Deoghar): देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र से तीन दिन पूर्व गायब हुए दूध व्यवसायी का शव जसीडीह थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव के जंगल में बरामद किया गया। जिसके बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई है।

जानकारी के अनुसार रिखिया थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी 30 वर्षीय उपेन्द्र यादव बोल बम रोड में भूत बंगला से दुम्मा बाँर्डर तक दुकान में सुधा डेयरी का दूध बेचने का काम करता था। बीते मंगलवार को वह दूध बेचने की बात कहकर घर से निकला था। दोपहर लगभग तीन बजे के करीब नावाडीह के ग्रामीणों की ओर से रांगा मोड़ के समीप किसी व्यक्ति से बात चीत करते देखा गया था। लेकिन काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिलने पर घटना की लिखित शिकायत रिखिया थाना को दी गई थी।

गुरुवार की सुबह विशनपुर गांव के कुछ ग्रामीणों ने जंगल में शव को देखा। घटना की सूचना पाकर देवघर एसडीपीओ पवन कुमार, जसीडीह इंस्पेक्टर सत्येंद्र प्रसाद सदबल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान परिजनों को भी जानकारी मिली जिसके बाद परिजनों द्वारा मौके पर पहुंच शव की पहचान की गई।
मृतक के शरीर पर गंभीर चोट का निशान हैं। वहीं पुलिस ने घटनास्थल के समीप से मृतक का मोटरसाइकिल और कीटनाशक दवा की चार खाली बोतल बरामद की है।
परिजनों ने आशंका जताते हुए कहा कि दूध व्यवसाय को लेकर बगल गांव के व्यक्ति से मनमुटाव चल रहा था।
वहीं, आशंका व्यक्त की जा रही है कि शख्स की हत्या दो दिन पहले ही कर दी गयी है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पायेगा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
घटना को लेकर एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा।


